मुख्यमंत्री चौहान ने बरगद, मौलश्री और करंज के पौधे लगाए

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी उद्यान में भोपाल उत्सव समिति के सदस्यों के साथ बरगद, मौलश्री और करंज के पौधे लगाए। समिति के श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री सुनील जैनविन, डॉ. योगेन्द्र मुखरैया, श्री अशोक गुप्ता और श्री अशोक साहू पौध-रोपण में शामिल हुए।
समिति गत 28 वर्षों से नगर में सबसे बड़े मेले का आयोजन कर रही है। अभी तक लगभग 5 हजार व्यक्तियों के आँखों के ऑपरेशन और 2 हजार दिव्यांगों को कृत्रिम अंग भी लगवाए गए हैं। समिति पर्यावरण जागरूकता और बच्चों की स्कूल शिक्षा की निरंतरता के लिए भी कार्यरत है।
पौधों का महत्व
आज लगाये गये बरगद का धार्मिक और औषधीय महत्व है। आयुर्वेद के अनुसार बरगद की पत्तियों, छाल आदि से कई बीमारियों का इलाज संभव है। करंज का पौधा आयुर्वेदिक चिकित्सा में महत्वपूर्ण माना गया है। इसका उपयोग धार्मिक कार्यों में भी किया जाता है। मौलश्री औषधीय वृक्ष है, इसका सदियों से आयुर्वेद में उपयोग होता आ रहा है।



