मध्य प्रदेश

पत्नी से नाराज कलयुगी पिता ने चार माह के बच्चे का गला घोंटा, आरोपी फरार

भोपाल
राजधानी भोपाल में एक व्यक्ति ने अपने चार माह के बेटे की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

भोपाल में एक रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। पिता ने अपने चार महीने के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। पत्नी रक्षाबंधन से मायके में थी और वह उसे लेने आया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ तो उसने शराब के नशे में अपने चार महीने के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी।  

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संजय वर्मा खिलचीपुर जिला राजगढ़ का रहने वाला है। उसका ससुराल भोपाल के गांधीनगर स्थित बीडीए क्वॉटर गोंदरमऊ में है। वह पत्नी संगीता को लेने दो दिन पहले ससुराल आया था। उसकी पत्नी रक्षाबंधन को अपने दो बच्चों के साथ मायके आई थी। शनिवार को संजय पत्नी और दोनों बच्चों को साथ लेकर जाने वाला था। वह कुछ सामान लेने के लिए मार्केट गया और शराब पीकर लौटा। इसके बाद पत्नी को जल्दी चलने को कहने लगा। पत्नी ने नशे की हालात में उसके साथ चलने से मना किया। अगले दिन चलने को कहा। इस बात को लेकर पति और पत्नी में विवाद होने लगा। इससे गुस्सा होकर आरोपी ने अपने चार महीने के बच्चे आर्यन का गला घोंट दिया।

घटना के समय आर्यन का बड़ा भाई भी उसकी मां के पास ही था। बेटे की हत्या करने के बाद संजय फरार हो गया। मासूम को उसकी मां और परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर गांधी नगर थाना पुलिस पहुंची और हत्या का केस दर्ज कर लिया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Back to top button