बिहार

सुधाकर सिंह से पूछा, क्या मसला है, बोलने को कहा लेकिन वो कैबिनेट मीटिंग से चले गए: नीतीश

पटना
बिहार के कृषिमंत्री सुधाकर सिंह बीते दिनों से सरकार से उखड़े उखड़े चल रहे हैं। बुधवार को कैबिनेट मीटिंग को बीच में छोड़कर चल देने पर सुधाकर सिंह सुर्खियों में बने हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि उन्होंने कृषिमंत्री सुधाकर सिंह से बातचीत करनी चाही और पूरा मामला पूंछा लेकिन सुधाकर सिंह मीटिंग से उठकर चले गए। मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि मीटिंग में कृषि मंत्री सुधाकर सिंह को बोलने का मौका दिया कि क्या मामला है? लेकिन, वो बिना कुछ कहे बैठक से चले गए। उन्हें बहुत समझाया गया। सारे लोग समझाए। आपलोग उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से इस संबंध में पूछ लीजिए।

कृषि विभाग में कोई भ्रष्टाचार नहीं
पत्रकारों ने सवाल किया कि सुधाकर सिंह कह रहे हैं कि कृषि विभाग में भ्रष्टाचार है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। कृषि विभाग की आप ही लोग जांच कर लीजिए। हमेशा हम कृषि का काम करते हैं। हमने कृषि रोडमैप बनाया है, उससे काफी फायदा हुआ है।

विभाग के सचिव की प्रशंसा कर गए नीतीश
 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि कृषि विभाग के सचिव बहुत बढ़िया आदमी हैं। वर्तमान में सूखे की स्थिति पर हम लगातार नजर बनाये हुए हैं। कल ही दो बार हमने हवाई सर्वेक्षण किया। एक-एक एरिया को देख रहे हैं। किसानों को सहायता देने के लिए पूरा काम किया जा रहा है। सबको मदद करना है। इसको लेकर हम सचेत हैं। जिनकी अपनी खेती है और जो दूसरे के लिए काम करते हैं, हम सभी को किसान मानते हैं। सबकी मदद करते हैं। आपदा के समय में भी हर सहयोग किया जाता है। हमने शुरू से कहा है कि सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा प्रभावित लोगों का है। उन्होंने कहा कि इधर बारिश हुई है। जिनकी फसल लग गया है, वह सुरक्षित रहेगा। यह सब देखकर अच्छा लग रहा है।

 

Back to top button