राजनीति

जिलों के प्रभारियों ही संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका में रहेंगे

 भोपाल

कांग्रेस में अब तक जिला प्रभारियों को कमजोर माना जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जिला प्रभारियों को मजबूत करने जा रहे हैं। जिलों में प्रभारियों ही संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका में रहेंगे। वे विधायकों के साथ संगठन का समन्वय करवाने के साथ ही हर माह जिलों के पदाधिकारियों की बैठक भी लेंगे। विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है,वैसे-वैसे कांग्रेस चुनाव को लेकर ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने में लगी है। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में यह तय हुआ कि जिला प्रभारियों को हर महीने कम से कम एक बार जिलों में प्रकोष्ठ और विभागों के जिला अध्यक्षों और उनके पदाधिकारियों के साथ बैठक करना होगी। वहीं प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस अध्यक्ष के बीच समन्वय का काम करना होगा।  जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठों को सहयोग करेंगे यह भी जिला प्रभारियों को सुनिश्चित करना पड़ेगा। इसके अलावा जिला प्रभारी जिला संगठन और कांग्रेस विधायकों के बीच में सेतू का भी काम करेंगे। संगठन और विधायक के बीच में यदि कुछ तालमेल नहीं है तो जिला प्रभारी समन्वय का काम करेंगे। इसमें जिस प्रभारी को दिक्कत आएंगी वह सीधे कमलनाथ से बातचीत कर सकते हैं।

युवा जोड़ो, बूथ जोड़ो अभियान की रिपोर्ट ली
इधर युवा कांग्रेस की भी शुक्रवार को समीक्षा बैठक हुई। युवा कांग्रेस के युवा जोड़ो, बूथ जोड़ो अभियान को लेकर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जेपी अग्रवाल ने युवा कांग्रेस की जिलेवार रिपोर्ट ली। इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही जिला अध्यक्ष भी शामिल हुए।

नाथ पहुंचे टीकमगढ़
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ आज बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले में हैं। यहां पर वे मंडलम-सेक्टर के पदाधिकारियों की बैठक ली,इसके साथ ही जिले के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी उन्होंने चर्चा की। यहां पर उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। इसके बाद वे दोहपर में निवाडी जिले के पृथ्वीपुर भी जाएंगे।

Back to top button