नगरीय निकाय चुनाव: कांग्रेस ने भाजपा से छीनी मुरैना और रीवा सीट

भोपाल
प्रदेश में नगरीय निकाय के दूसरे चरण में पांच नगर निगमों में से कांग्रेस और भाजपा के खाते में दो-दो सीट आई है जबकि कटनी नगर निगम भाजपा की बागी निर्दलीय उम्मीदवार प्रीति सूरी के खाते में आई है। कांग्रेस ने भाजपा से मुरैना और रीवा सीटें छीन ली है जबकि भाजपा के खाते में रतलाम और देवास की सीट ही आई है। पहले चरण में भाजपा को सात और कांग्रेस को तीन निगमों में जीत मिली थी जबकि सिंगरौली सीट पर आप ने एंट्री मारी थी।
दूसरे चरण में नगर निगमों के जो नतीजे आए है उनमें रीवा में कांग्रेस प्रत्याशी अजय मिश्रा ने नौ हजार से अधिक वोटों से भाजपा के प्रबोध व्यास को हराया है। कांग्रेस ने यहां 24 साल बाद जीत हासिल की है। मुरैना में कांग्रेस प्रत्याशी शारदा सोलंकी ने भाजपा की मीना देवी को 12 हजार 874 मतों से पराजित किया है। रतलाम में दूसरी बार नगर निगम चुनाव हुए है यहां पहला चुनाव भाजपा ने जीता था। इस बार रतलाम में भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस के मयंक सिंह जाट को 8 हजार 591 मतों से हराकर यह सीट भाजपा के खाते में डाली है।
देवास नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल ने कांग्रेस की विनोदिनी को 45 हजार 884 मतों से पराजित किया है। कटनी में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां भाजपा से बागी निर्दलीय उम्मीदवार प्रीति सूरी ने चुनाव जीत लिया है। उन्होंने भाजपा की ज्योति दीक्षित को 5 हजार 287 मतों से पराजित किया है।
देवास के 45 में से 32 वार्डो पर भाजपा का कब्जा-
देवास नगर निगम में एक बार फिर भाजपा ने अपना झंडा लहरा दिया है। महापौर की कुर्सी भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल के पास रही है वहीं यहां के 45 में से 32 वार्डो में भाजपा प्रत्याशी चुनाव जीते है जबकि कांग्रेस सिर्फ आठ वार्डो में जीत हासिल कर पाई ळै। इसके अलावा पांच निर्दलीय उम्मीदवार भी यहां चुनाव जीते है।
वहीं नगर पलिकाओं में 76 में से 65 में भाजपा को बढ़त मिली है कांग्रेस केवल 11 स्थानों पर सिमट गई है। दूसरे चरण के 255 नगर परिषदों में से 231 में भाजपा को बढ़त मिली है और कांग्रेस सोलह स्थानों पर सिमट गई है।अन्य दलों और निदैलीय 8 प्रत्याशी भी चुनाव जीत गए है।



