दीपावली-छठ पर बिहारवासियों को बड़ी सौगात, दिल्ली-यूपी समेत 5 राज्यों के लिए 155 स्पेशल बसें रवाना

bus.jpg

पटना

 दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर यात्रियों का सफर आसान करने के लिए गुरुवार को 155 अंतरराज्यीय बसों को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फुलवारीशरीफ बस डिपो से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मंत्री ने बताया कि एक नवंबर से अब तक 746 टिकट बुक हो चुके हैं। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की त्योहारी बसों की बुकिंग पर अब तक छह लाख रुपये का अनुदान दिया गया है।

निगम ने एसी, नॉन-एसी, सीटर एवं स्लीपर श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई हैं। जल्द ही बसों की संख्या बढ़ाकर 200 कर दी जाएगी।

BSRTC

मंत्री ने बताया कि विशेष अंतर्राज्यीय बसों का परिचालन पांच नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए 155 बसें चलेंगी।

इनमें से 32 बसें निगम की तथा 123 बसें पीपीपी माडल के अंतर्गत संचालित की जा रही हैं। बसों में यात्रियों के लिए पानी और दही की भी व्यवस्था है। निगम की आधिकारिक वेबसाइट (https://bsrtc.bihar.gov.in) पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
प्रकाश पर्व के दौरान भी चलेंगी त्योहारी बसें

परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने कहा कि आगामी दिनों में प्रकाश पर्व पर भी बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय बसों का परिचालन किया जाएगा। ये बसें विभिन्न राज्यों के जिलों से बिहार के लिए चलेंगी।

मौके पर निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि, यात्री एवं अन्य मौजूद थे।

इन जगहों के लिए चल रही बसें

राज्य     बसें
दिल्ली     77
हरियाणा     60
झारखंड     12
उत्तर प्रदेश     03
पश्चिम बंगाल     03

रूटवार परिचालन का विवरण

दिल्ली: अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, मोतिहारी एवं लखीसराय से दिल्ली के लिए बस सेवाएं निर्धारित हैं।

हरियाणा: अररिया-गुरुग्राम, भागलपुर-अंबाला, दरभंगा-अंबाला, गया-अंबाला, गया-गुरुग्राम, पटना-अंबाला, पटना-गुरुग्राम, पटना-पानीपत, पूर्णिया-अंबाला एवं पूर्णिया-पानीपत सहित विभिन्न मार्ग।

झारखंड: आरा-धनबाद, आरा-रांची, पटना-गुमला, पूर्णिया-रांची, नवादा-रांची, गया-रांची, मुजफ्फरपुर-रांची, पटना-रांची एवं पटना-हजारीबाग सहित विभिन्न मार्ग।

उत्तर प्रदेश: किशनगंज-गाजियाबाद, लखनऊ-गया, पटना-गाजियाबाद, जटही-अयोध्या एवं गया-वाराणसी।

पश्चिम बंगाल: बेगूसराय-कोलकाता, बेतिया-सिलीगुड़ी, छपरा-सिलीगुड़ी, फारबिसगंज-कोलकाता, गया-कोलकाता, गोपालगंज-सिलीगुड़ी, मोतिहारी-सिलीगुड़ी, पटना-कोलकाता, पूर्णिया-सिलीगुड़ी एवं दरभंगा-सिलीगुड़ी।

 

You may have missed